Ghansyam Sharma / Sat, Dec 13, 2025 / Post views : 230
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर छत्तीसगढ़ में चलाये जा रहे मतदाता नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) हेतु संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। आयोग द्वारा 9 दिसंबर 2025 को जारी आदेश के अनुसार पूर्व में निर्धारित कार्यक्रम में आवश्यक संशोधन किया गया है, ताकि मतदाता सूची का अद्यतन, शुद्धिकरण एवं पुनरीक्षण कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जा सके।
इस संबंध में शनिवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी चित्रकांत चाली ठाकुर द्वारा सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित कर विशेष गहन पुनरीक्षण संशोधित कार्यक्रम की जानकारी दी गई। निर्वाचन आयोग ने मतदाता जागरूकता बढ़ाने तथा विशेष रूप से शहरी क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं, इसके लिए सभी राजनीतिक दलों को अपने बूथ लेवल एजेंटों से सहयोग हेतु निर्देशित की गई। जिससे प्रत्येक पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित कर सके।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 18 दिसंबर 2025 तक गणना पपत्र का कार्य एवं मतदान केंद्रों का युक्तिकरण पूर्ण किया जाएगा। इसके पश्चात 19 दिसंबर से 22 दिसंबर 2025 तक कंट्रोल टेबल का अद्यतन कर प्रारूप मतदाता सूची तैयार की जाएगी, जिसका प्रकाशन 23 दिसंबर 2025 को किया जाएगा। प्रारूप सूची के प्रकाशन के साथ ही 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकेंगी।
दावे एवं आपत्तियों पर नोटिस जारी करने, सुनवाई, सत्यापन एवं निराकरण की प्रक्रिया 23 दिसंबर 2025 से 14 फरवरी 2026 तक संबंधित निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा समानांतर रूप से की जाएगी। इसके बाद मतदाता सूची के स्वास्थ्य मानकों की जांच कर अंतिम प्रकाशन हेतु आयोग की अनुमति 17 फरवरी 2026 तक प्राप्त की जाएगी तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 21 फरवरी 2026 को किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने समस्त मतदाताओं से अपील की है कि वे प्रारूप मतदाता सूची का अवलोकन कर अपने नाम, पता एवं अन्य विवरणों की जांच अवश्य करें और किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर निर्धारित समय-सीमा के भीतर दावा या आपत्ति प्रस्तुत करें, ताकि अंतिम मतदाता सूची पूर्णतः शुद्ध एवं अद्यतन तैयार की जा सके। इस अवसर पर राजनीतिक दलों के सदस्यों और निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन