Ghansyam Sharma / Fri, Aug 7, 2026 / Post views : 14
कोण्डागांव । पत्रिका लुक
पिछले दिनों लगातार बारिश के बाद कोण्डागांव जिले के लिंगोपथ मार्ग पर आदनार पुल की स्थिति खराब हो गई है। पुल का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर धंस गया है, जिससे ग्रामीणों के आवागमन में परेशानी बढ़ गई है। आदिवासी बहुल इलाके को मुख्यधारा से जोड़ने वाला यह मार्ग करीब 8 साल पहले प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनाया गया था और क्षेत्र के लोगों के लिए विकास की लाइफलाइन माना जाता था।
पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है। बच्चों को स्कूल पहुंचने के लिए वैकल्पिक रास्ते का सहारा लेना पड़ रहा है और कई किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। बारिश के दौरान रास्ते की स्थिति और खराब होने से खतरा भी बढ़ जाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि लिंगोपथ मार्ग से आसपास के कई गांवों के लोग हाट-बाजार, अस्पताल और अन्य जरूरी कामों के लिए आवागमन करते हैं। पुल की खराब स्थिति से ग्रामीणों के साथ शासकीय कर्मचारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक पुल की मरम्मत को लेकर कई बार प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ है। उनका कहना है कि बारिश के मौसम में पुल की स्थिति और बिगड़ सकती है, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित होने का खतरा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मौके का निरीक्षण कर पुल की मरम्मत कराने और भविष्य में ऐसी समस्या न हो, इसके लिए स्थायी निर्माण कराने की मांग की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन