Ghansyam Sharma / Tue, Aug 11, 2026 / Post views : 74
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय, तहसीलपारा में मंगलवार को सरस्वती साइकिल वितरण योजना के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक लता उसेंडी ने विद्यालय की 53 छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरित की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लता उसेंडी ने कहा कि साइकिल मिलने से दूर-दराज से विद्यालय आने वाली छात्राओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी और बालिका शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि जो निरंतर मेहनत करता है, सफलता उसके कदम चूमती है।
उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने और पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की। साथ ही श्रम विभाग द्वारा श्रमिक परिवारों के बच्चों के लिए संचालित छात्रवृत्ति एवं शिक्षा सहायता योजनाओं की जानकारी दी।
नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल ने भी विद्यार्थियों को शासन की शिक्षा संबंधी योजनाओं का लाभ लेने और बेहतर प्रदर्शन के लिए नियमित अध्ययन करने प्रेरित किया।
साइकिल वितरण के बाद विद्यालय परिसर में करीब 10 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित शेड निर्माण का भूमिपूजन किया गया। शेड बनने से शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सामूहिक गतिविधियों के लिए अतिरिक्त सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएं, पालक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन