Ghansyam Sharma / Wed, Aug 26, 2026 / Post views : 63
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस बारह रबीउल अव्वल के अवसर पर कोण्डागांव में जश्ने ईद मिलादुन्नबी का पर्व हर्षोल्लास और अकीदत के साथ मनाया गया। पर्व को लेकर करीब 12 दिन पहले से तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। मस्जिदों सहित नगर के विभिन्न स्थानों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया।
ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर बच्चों के लिए नात शरीफ एवं सवाल-जवाब प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। मुख्य आयोजन के दौरान जामा मस्जिद से भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस मेन रोड, मरारपारा, जामकोटपारा, बाजारपारा, कोर्ट चौक, नहरपारा और सर्गीपालपारा होते हुए वापस जामा मस्जिद पहुंचा। जुलूस में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए।
जामा मस्जिद पहुंचने के बाद परचम कुशाई की रस्म अदा की गई। इसके बाद जामा मस्जिद के मुख्य इमाम शमीम रजा ने देश में अमन, शांति और खुशहाली के लिए विशेष दुआ की। कार्यक्रम में बच्चों द्वारा प्रस्तुत नात और अन्य गतिविधियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
आयोजन के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। अंजुमन इस्लामिया कमेटी के सदर सय्यद शफीक और सेक्रेटरी आदिल खान ने नगरवासियों एवं समाज के लोगों को ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी।
आयोजन के दौरान आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति का संदेश दिया गया। समाज के बुजुर्गों, कमेटी के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन