Ghansyam Sharma / Wed, Aug 26, 2026 / Post views : 66
कोण्डागांव। पत्रिका लुक (शकील सिद्दीकी)
ईदमिलादुन्नबी के अवसर पर ऑल मुस्लिम वेलफेयर फाउंडेशन छत्तीसगढ़ (खिदमत-ए-खल्क) एवं गुलशने सिबतेन वेलफेयर सोसाइटी कोंडागांव के संयुक्त तत्वावधान में सामाजिक सेवा और जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान ‘कलम का लंगर’ अभियान के माध्यम से बच्चों की शिक्षा को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया, वहीं जिला अस्पताल और मातृ-शिशु अस्पताल में मरीजों को फल वितरित कर सेवा और मानवता का संदेश दिया गया।

‘कलम का लंगर’ अभियान के तहत लोगों को बच्चों की शिक्षा के प्रति जागरूक किया गया। अभियान का संदेश “एक रोटी कम खाओ, बच्चों को जरूर पढ़ाओ” और “पढ़ोगे तो बढ़ोगे” रखा गया। संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि किसी भी बच्चे की शिक्षा आर्थिक या सामाजिक परिस्थितियों के कारण बाधित नहीं होनी चाहिए। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को बच्चों की पढ़ाई के लिए सहयोग और जागरूकता बढ़ाने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि बच्चों के बेहतर भविष्य, आत्मनिर्भरता और समाज के विकास की मजबूत नींव है। शिक्षित बच्चे ही जागरूक नागरिक बनकर समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
ईदमिलादुन्नबी के मौके पर सेवा भावना को आगे बढ़ाते हुए संगठन के सदस्यों ने कोंडागांव के जिला अस्पताल एवं मातृ-शिशु अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए। इस दौरान मरीजों और उनके परिजनों से कुशलक्षेम पूछते हुए जल्द स्वस्थ होने की कामना की गई। आयोजन के माध्यम से जरूरतमंदों की सेवा, आपसी भाईचारे और मानवता का संदेश देने का प्रयास किया गया।
ऑल मुस्लिम वेलफेयर फाउंडेशन छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद सिराज के नेतृत्व में संगठन सामाजिक सेवा एवं जनकल्याण के कार्य कर रहा है। प्रदेश कार्यकारिणी अध्यक्ष हाजी वसीम अहमद, संभाग बस्तर अध्यक्ष हाजी मो. असलम मंसूरी और जिला अध्यक्ष मो. शकील सिद्दीकी सहित पदाधिकारी अभियान में सक्रिय रहे।
गुलशने सिबतेन वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष मो. इलियास के नेतृत्व में भी समाजहित से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में संगठन के विभिन्न पदाधिकारी एवं सदस्यों ने सहभागिता निभाई।
दोनों संस्थाओं ने समाज के लोगों से अपील की कि वे बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता दें और जरूरतमंद बच्चों की पढ़ाई में यथासंभव सहयोग करें। साथ ही सेवा कार्यों के माध्यम से समाज में शिक्षा, मानवता, भाईचारे और जरूरतमंदों की मदद की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन