Ghansyam Sharma / Tue, Aug 25, 2026 / Post views : 39
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
केशकाल तहसील के ग्राम चेरबेड़ा निवासी किसान सगराम मरकाम ने रबी सीजन में रागी की फसल खराब होने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन देकर राहत एवं उचित कार्रवाई की मांग की है। किसान का कहना है कि वह शासन की दलहन, तिलहन और रागी जैसी फसलों को बढ़ावा देने की योजना के तहत कृषि विभाग के संपर्क में आया था।
किसान के अनुसार 13 जनवरी 2026 को कृषि विभाग से संपर्क करने के बाद उसने करीब 5 एकड़ भूमि में रागी की फसल लगाई थी। लेकिन खेती के दौरान लगातार लो-वोल्टेज की समस्या के कारण फसल को नुकसान पहुंचा और पूरी फसल चौपट हो गई। किसान ने बताया कि फसल उत्पादन नहीं होने के कारण उसे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
सगराम मरकाम का कहना है कि उसके पास बचा करीब 170 किलो रागी बीज बीज निगम में जमा कराया गया, लेकिन उसकी राशि का भुगतान अब तक नहीं हुआ है। फसल खराब होने के कारण वह ट्रैक्टर की किस्त और सहकारी बैंक से लिए कृषि ऋण का भुगतान करने में भी परेशानी का सामना कर रहा है।
किसान ने बताया कि परिवार में बेटी के स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के कारण उसके इलाज का खर्च उठाना भी मुश्किल हो रहा है। उसने कहा कि वह इस संबंध में कलेक्टर जनदर्शन में चौथी बार आवेदन दे चुका है, लेकिन अब तक उसे संतोषजनक समाधान नहीं मिला है।
किसान ने प्रशासन से फसल नुकसान की जांच कर उचित राहत राशि दिलाने तथा लंबित बीज की राशि का भुगतान कराने की मांग की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन