Ghansyam Sharma / Tue, Aug 25, 2026 / Post views : 21
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
नशे के दुष्परिणामों से लोगों को जागरूक करने और नशामुक्त समाज का संदेश देने के उद्देश्य से जवाहर नवोदय विद्यालय के विद्यार्थियों ने जनजागरूकता रैली निकाली। बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे हाथों में नशामुक्ति से संबंधित तख्तियां लेकर रैली में शामिल हुए।
रैली की शुरुआत नवोदय विद्यालय परिसर से हुई। विद्यार्थी नशा मुक्ति से जुड़े नारे लगाते हुए शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरे। इस दौरान बच्चों ने लोगों से शराब, तंबाकू, गुटखा, सिगरेट सहित अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने की अपील की। विद्यार्थियों ने नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के प्रति लोगों को जागरूक किया।
रैली के दौरान विद्यार्थियों ने ‘नशा छोड़ो, जीवन से नाता जोड़ो’, ‘नशामुक्त समाज, स्वस्थ समाज’ जैसे नारों के माध्यम से लोगों का ध्यान आकर्षित किया। बच्चों ने कहा कि नशे की लत न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि इसका असर पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है।
विद्यार्थियों ने लोगों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करें। विशेषकर युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए परिवार, विद्यालय और समाज की सामूहिक भूमिका जरूरी है।
जनजागरूकता रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः जवाहर नवोदय विद्यालय परिसर पहुंचकर समाप्त हुई। इस दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह नजर आया। रैली के माध्यम से बच्चों ने स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज निर्माण का संदेश दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन