Ghansyam Sharma / Wed, Jan 28, 2026 / Post views : 298
कोण्डागांव | पत्रिका लुक (शकील सिद्दीकी)
गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर जिले में समाजसेवा और युवाओं के भविष्य निर्माण में उल्लेखनीय योगदान देने वाली जीवन दिशा अकैडमी को सम्मानित किया गया। यह सम्मान 26 जनवरी को आयोजित जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में बस्तर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक तथा कोंडागांव कलेक्टर द्वारा प्रदान किया गया।




जीवन दिशा अकैडमी का संचालन पूर्व सैनिक राजेन्द्र प्रसाद शर्मा उर्फ राजू एवं विमल साहू द्वारा किया जा रहा है। अकैडमी आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बेरोज़गार युवक-युवतियों को पूर्णतः नि:शुल्क कोचिंग एवं प्रशिक्षण प्रदान कर रही है, जिससे जिले के कई प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिला है।




अकैडमी में पुलिस, नगर सेना सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है। हाल ही में प्रशिक्षित 70 विद्यार्थियों में से 17 विद्यार्थियों का चयन नगर सेना तथा 18 विद्यार्थियों का चयन पुलिस आरक्षक पद पर हुआ है। यह सफलता अनुशासित प्रशिक्षण, अनुभवी मार्गदर्शन और निरंतर अभ्यास का परिणाम मानी जा रही है।
समारोह के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने अकैडमी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी नि:शुल्क पहलें न केवल युवाओं को रोजगार से जोड़ती हैं, बल्कि समाज को सशक्त बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
सम्मान प्राप्त होने पर अकैडमी संचालकों ने कहा कि उनका लक्ष्य अधिक से अधिक जरूरतमंद युवाओं को सही दिशा देकर आत्मनिर्भर बनाना और देश-सेवा के लिए प्रेरित करना है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन