Ghansyam Sharma / Thu, Jan 29, 2026 / Post views : 228
आमाबेड़ा। पत्रिका लुक
अमाबेड़ा गांव के पास गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहां कांकेर बस (क्रमांक CG 19 F 500) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकराकर पलट गई। हादसे में बस में सवार 10 से अधिक यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, बस बांदे से अंतागढ़ होते हुए जगदलपुर जा रही थी। अमाबेड़ा के पास एक मोड़ पर चालक द्वारा सिगरेट जलाने के दौरान नियंत्रण खो देने से बस
अनियंत्रित हो गई और पलट गई। स्थानीय लोगों व प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि बस चालक और कंडक्टर शराब के नशे में थे, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही आमाबेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस एवं स्थानीय लोगों के वाहनों की मदद से सभी घायलों को तत्काल आमाबेड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां घायलों का इलाज जारी है। कुछ यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें आवश्यकता पड़ने पर बेहतर इलाज के लिए रेफर किया जा सकता है।
हादसे के बाद बस चालक और कंडक्टर मौके से फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। बस को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया गया।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने नशे में वाहन चलाने वालों और लापरवाह बस संचालन पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से यात्रियों की जान खतरे में न पड़े।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन