Ghansyam Sharma / Mon, Dec 8, 2025 / Post views : 176
थाना विश्रामपुरी क्षेत्र का मामला, कटी हुई लाश की पहचान के बाद आरोपी गिरफ्तार
कोण्डागांव/ विश्रामपुरी। (नरेंद्र सेठिया)
थाना विश्रामपुरी क्षेत्र के चनाभरी जंगल में अज्ञात युवक का धड़ से अलग सिर वाला क्षत-विक्षत शव मिलने के बाद पुलिस ने महज़ कुछ दिनों में अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुरानी रंजिश के चलते की गई इस सनसनीखेज हत्या का खुलासा पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतक का सिर और वारदात में प्रयुक्त टंगीया बरामद कर किया।
6 दिसंबर को सूचक कमलेश पटेल ने विश्रामपुरी थाना पहुंचकर जंगल में अज्ञात शव पड़े होने की सूचना दी थी। शव का सिर गायब होने और शरीर पर शर्ट होने की जानकारी पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने विस्तृत जांच के निर्देश दिए। उनके मार्गदर्शन में अनुविभागीय अधिकारी केशकाल अरुण एम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
फॉरेंसिक टीम व डॉग स्क्वॉड की मदद से स्थल निरीक्षण किया गया। सिर न मिलने से पहचान में कठिनाई आ रही थी। टीम ने आसपास के क्षेत्रों में गुमइंसान की खोजबीन की। शव के कपड़ों के आधार पर मृतक की पहचान बाड़ागांव निवासी लच्छिन्दर पाण्डेय के रूप में हुई। प्रथम दृष्टया हत्या स्पष्ट होने पर पुलिस ने मृतक की गतिविधियों की पड़ताल शुरू की।
जांच में पता चला कि मृतक को आखिरी बार 3 दिसंबर को विश्रामपुरी साप्ताहिक बाजार में देखा गया था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बाजार में मृतक का श्यामलाल नेताम और रामू नेताम के साथ विवाद हुआ था। संदेह के आधार पर श्यामलाल से पूछताछ की गई, जिसने प्रारंभ में जानकारी से इनकार किया। कड़ाई से पूछताछ पर उसने कबूल किया कि 28 नवंबर को बाड़ागांव सोसायटी में हुए झगड़े की रंजिश में उसने लच्छिन्दर की हत्या की योजना बनाई थी।
3 दिसंबर को बाजार में पुनः विवाद के बाद आरोपी श्यामलाल मृतक को मोटरसाइकिल से चनाभरी जंगल ले गया और टंगीया से उसका सिर धड़ से अलग कर हत्या कर दी। पहचान छुपाने के लिए उसने सिर को कुरूभाठ तालाब के पास छिपा दिया था।
आरोपी की निशानदेही पर सिर और हत्या में प्रयुक्त टंगीया बरामद की गई। श्यामलाल नेताम ने अपराध स्वीकार कर लिया है। उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई में विशेष योगदान
थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विनोद नेताम, सउनि. रमेश निषाद, आरक्षक जम्मू मरकाम, रमेश नेताम तथा सायबर सेल प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय, आरक्षक रितुराज सिंह, चंदन यादव और बीजु यादव का सराहनीय योगदान रहा।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन