Ghansyam Sharma / Tue, Apr 29, 2025 / Post views : 171
कोण्डागांव । पत्रिका लुक
जिले में अवैध धान परिवहन पर शिकंजा कसते हुए जिला खाद्य विभाग ने सोमवार को एक बड़ी कार्रवाई की। बम्हनी धान खरीदी केंद्र से अवैध रूप से धान ले जा रहे एक ट्रक को बम्हनी पुल के पास रोककर जांच की गई। जांच में ट्रक में लदे 700 बोरी धान के संबंध में कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए गए, जिसके चलते पूरी खेप को जब्त कर कोण्डागांव थाना को सौंप दिया गया।
जिला खाद्य अधिकारी नवीन श्रीवास्तव ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि बम्हनी केंद्र से एक ट्रक के माध्यम से धान अवैध रूप से केशकाल स्थित रजा राइस मिल ले जाया जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए विभागीय टीम ने संदिग्ध ट्रक को रोका और जांच की। जांच में वाहन चालक कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
धान केंद्र के प्रभारी से होगी पूछताछ
खाद्य अधिकारी ने बताया कि इस मामले में बम्हनी धान खरीदी केंद्र के प्रभारी से भी पूछताछ की जाएगी। यह जांच का विषय है कि बिना गेट पास और अनुमति के धान लोड कैसे हुआ और ट्रक को निकलने की इजाजत कैसे दी गई। यदि किसी भी कर्मचारी या अधिकारी की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन सख्त, आगे भी चलेंगी जांचें
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध धान परिवहन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी इस तरह की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए निगरानी और चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।
इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संकेत मिला है कि जिले में धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाने और कालाबाजारी पर लगाम कसने के लिए प्रशासन पूरी तरह सजग है।
सोत्रJilaKhadyaAdhikarikeByananusarkgn
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन