Ghansyam Sharma / Sun, Jun 21, 2026 / Post views : 6
केशकाल/विश्रामपुरी। पत्रिका लुक ( नरेंद्र सेठिया)
प्री-मानसून बारिश ने बड़ेराजपुर विकासखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क व्यवस्था की पोल खोल दी है। ग्राम पंचायत हरवेल के आश्रित ग्राम तराईबेड़ा से गम्हरी को जोड़ने वाली सड़क तेज जलप्रवाह के कारण क्षतिग्रस्त हो गई है। सड़क किनारे बड़ा गड्ढा बनने से मार्ग पर आवागमन जोखिमभरा हो गया है और दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है।
पिछले तीन-चार दिनों से क्षेत्र में रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण सड़क का एक हिस्सा कटाव की चपेट में आ गया है। यह मार्ग हरवेल, तराईबेड़ा, पिटिसपाल, तितरवंड, गम्हरी, पीढ़ापाल, कुल्डाडिही, बड़बत्तर और जोड़ेकेरा सहित कई गांवों के लोगों के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग है। इसी सड़क से दोपहिया, चारपहिया वाहनों के साथ ग्रामीणों का दैनिक आवागमन होता है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत और आवश्यक पुलिया का निर्माण नहीं कराया गया तो लगातार बारिश के दौरान मार्ग पूरी तरह बाधित हो सकता है। इससे ग्रामीणों को आवागमन, कृषि कार्य, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
ग्राम पंचायत हरवेल के सरपंच महेश कुमार नेताम ने संबंधित विभाग से क्षतिग्रस्त सड़क का तत्काल निरीक्षण कर पुलिया निर्माण एवं मरम्मत कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने की अपील की है। उनका कहना है कि समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो मानसून के दौरान स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन