Ghansyam Sharma / Wed, Mar 25, 2026 / Post views : 133
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
जिला चिकित्सालय स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में सुपोषित जीवन अभियान के तहत कुपोषित बच्चों के लिए विशेष पोषण आहार की शुरुआत की गई है। इस पहल का शुभारंभ मंगलवार को बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं विधायक सुश्री लता उसेंडी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्री नरपति पटेल सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
इस नई डाइट योजना के अंतर्गत एनआरसी में भर्ती बच्चों को नियमित भोजन के साथ अतिरिक्त पोषक तत्वों से भरपूर आहार दिया जाएगा। इसमें अंडा, दूध, ताजे फल, मूंगफली, गुड़ के लड्डू और सत्तू जैसे पौष्टिक खाद्य पदार्थ शामिल किए गए हैं। इन खाद्य पदार्थों के माध्यम से बच्चों को संतुलित और सम्पूर्ण पोषण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे उनके शारीरिक और मानसिक विकास को मजबूती मिल सके।
विशेषज्ञों के अनुसार, यह पहल कुपोषण से जूझ रहे बच्चों के स्वास्थ्य सुधार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे बच्चों की रिकवरी दर में तेजी आने के साथ उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता और ऊर्जा स्तर में भी वृद्धि होने की संभावना है।
इस अभियान के सफल संचालन में यूनिसेफ द्वारा तकनीकी सहयोग प्रदान किया जा रहा है। समग्र रूप से यह प्रयास एनआरसी में भर्ती बच्चों को बेहतर देखभाल और गुणवत्तापूर्ण पोषण उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन