Ghansyam Sharma / Tue, Sep 1, 2026 / Post views : 54
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
केशकाल विकासखंड के ग्राम पंचायत ईरागांव के सरपंच, उपसरपंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क निर्माण की मांग को लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बाजार चौक से आगे करीब 500 मीटर लंबे मार्ग पर पुराने नक्शे के अनुसार सड़क निर्माण कराने की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण के लिए निर्धारित स्थान पर कुछ लोगों ने कब्जा कर रखा है। कब्जा नहीं हटने के कारण सड़क निर्माण का कार्य लंबे समय से अटका हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि कब्जा हटाने और सड़क निर्माण को लेकर कई बार संबंधित लोगों से चर्चा की गई तथा ग्राम पंचायत स्तर पर भी शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार उक्त सड़क करीब 500 मीटर लंबी और लगभग 8 मीटर चौड़ी है। बारिश के दौरान जर्जर मार्ग पर आवागमन और मुश्किल हो जाता है। इससे स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, मरीजों और राहगीरों को परेशानी होती है।
ग्रामीणों ने कलेक्टर से पुराने नक्शे के आधार पर सड़क का सीमांकन कराने, अतिक्रमण हटाने और शीघ्र सीसी रोड निर्माण शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क बनने से गांव के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
यह खबर ग्रामीणों के आधार पर है। जिन पर आरोप लगा है उन व्यक्तियों से चर्चा नहीं हो पाई है संबंधित लोग भी अपना पक्ष भी प्रकाशित करवा सकते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन