Ghansyam Sharma / Tue, Sep 1, 2026 / Post views : 277
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
1 सितंबर ड्राइवर दिवस के अवसर पर ट्रक वाहन चालक कल्याण संघ कोण्डागांव द्वारा जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली रायपुर नाका से शुरू होकर चौपाटी मैदान पहुंची, जहां से वापस रायपुर नाका पहुंचकर समाप्त हुई। रैली में संघ के अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में वाहन चालक एवं पदाधिकारी शामिल हुए।
इस दौरान वाहन चालकों ने एक-दूसरे को ड्राइवर दिवस की शुभकामनाएं दीं और सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरूक किया। वाहन चालकों ने वाहन चलाते समय सावधानी बरतने, यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क पर अन्य लोगों की सुरक्षा का ध्यान रखने का संदेश दिया। साथ ही जरूरतमंद लोगों की मदद करने की अपील भी की गई।
ट्रक वाहन चालक कल्याण संघ कोण्डागांव के जिला अध्यक्ष संतोष कुमार वैष्णव ने कहा कि वाहन चालकों के हितों के लिए सरकार को ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड, ड्राइवर आयोग और ड्राइवर कानून बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज भी कई जगह ड्राइवरों को हीन भावना से देखा जाता है, जबकि देश की अर्थव्यवस्था और आम लोगों की जरूरतों को पूरा करने में वाहन चालकों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
वैष्णव ने कहा कि खेतों, कारखानों और बाजारों से लेकर दुकानों तक हर प्रकार का सामान एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने का काम ड्राइवर ही करते हैं। खाद्यान्न, कृषि सामग्री, निर्माण सामग्री सहित रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में वाहन चालकों का अहम योगदान है।
उन्होंने कहा कि ड्राइवर दिन-रात लंबी दूरी तय करते हैं और कई बार अपने परिवार से दूर रहकर कठिन परिस्थितियों में काम करते हैं। सड़क दुर्घटना समेत कई जोखिमों के बावजूद उन्हें अपेक्षित सम्मान और सामाजिक सुरक्षा नहीं मिल पाती।
उन्होंने सरकार से वाहन चालकों के लिए स्वास्थ्य सुविधा, बीमा, पेंशन, कल्याणकारी योजनाओं और बेहतर कार्य परिस्थितियों की व्यवस्था करने की मांग की। उन्होंने कहा कि ड्राइवर भी समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उन्हें सम्मान के साथ सुरक्षित कार्य वातावरण मिलना चाहिए।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन