Ghansyam Sharma / Mon, Aug 31, 2026 / Post views : 117
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
पुलिस और आमजन के बीच विश्वास, सहयोग एवं सुरक्षा की भावना मजबूत करने को लेकर कोण्डागांव पुलिस ने विभिन्न जनहितकारी नवाचारों की शुरुआत की। कार्यक्रम में कोंडागांव विधायक लता उसेंडी, जिला पंचायत अध्यक्ष रीता शोरी, पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज बद्री नारायण मीणा, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी एवं जिला पंचायत सीईओ अविनाश बोई सहित पुलिस-प्रशासन के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

कार्यक्रम में साइबर जागृति अभियान के तहत ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी-यूपीआई फ्रॉड और सोशल मीडिया अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता अभियान शुरू किया गया। वहीं सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग सड़क सुरक्षा समिति की पहल शुरू करते हुए हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों के पालन पर जोर दिया गया।
पर्यावरण संरक्षण एवं शहीदों के सम्मान को जोड़ते हुए सरदार वल्लभभाई पटेल स्मृति वाटिका एवं अमर शहीद फल वाटिका की शुरुआत की गई। इसके तहत ‘एक पेड़ शहीदों के नाम’ का संदेश दिया गया।
दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए ‘हेलमेट बैंक—आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प’ पहल शुरू की गई। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए ‘दीदी स्क्वाड’ तथा पुलिस और नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के लिए ‘संवाद मित्र’ लिंक का शुभारंभ किया गया।
आईजी बद्री नारायण मीणा ने पुलिस के इन नवाचारों की सराहना करते हुए जनसहयोग और निरंतर संवाद को महत्वपूर्ण बताया। पुलिस ने कहा कि ‘कोण्डागांव पुलिस—हमेशा आपके साथ’ के संकल्प के साथ नागरिक सुरक्षा और सेवा का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन