Ghansyam Sharma / Mon, Aug 31, 2026 / Post views : 37
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर भारतीय किसान संघ जिला कोण्डागांव ने सोमवार को चौपाटी मैदान स्थित कलार समाज भवन में बैठक आयोजित की। बैठक के बाद किसान संघ के पदाधिकारियों और किसानों ने रैली निकाली तथा एसडीएम कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने जिले में कृषि एवं सिंचाई सुविधाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग की। संघ ने ग्राम कोकोड़ी में मक्का प्रोसेसिंग कारखाने को पुनः प्रारंभ करने, कोण्डागांव में सब्जी मंडी एवं कोल्ड स्टोरेज की व्यवस्था करने तथा कोण्डागांव तहसील अंतर्गत ग्राम पलारी में धान खरीदी केंद्र खोलने की मांग प्रमुखता से रखी।
इसके अलावा जिला मुख्यालय कोण्डागांव में भारतीय किसान संघ के कार्यालय एवं रैन बसेरा के लिए शीघ्र भूमि आवंटित करने की मांग की गई। किसानों ने पूर्व में बनाए गए जर्जर स्टॉप डेम की मरम्मत कराने के साथ ही आवश्यकता के अनुसार नए स्टॉप डेम का निर्माण कराने की मांग भी की, ताकि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त जल सुविधा मिल सके।
किसान संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि किसानों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर निराकरण होना आवश्यक है। कृषि उपज के प्रसंस्करण, भंडारण और बिक्री की बेहतर व्यवस्था के साथ सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
रैली एवं ज्ञापन सौंपने के दौरान भारतीय किसान संघ जिला कोण्डागांव के जिलाध्यक्ष सोनधर मरकाम, जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार वैध, जिला महामंत्री मनीराम मंडावी, कोषाध्यक्ष राजकुमार सिन्हा, तहसील अध्यक्ष केशकाल फरसु राम सलाम, तहसील अध्यक्ष कोण्डागांव भागवत पांडे, तहसील अध्यक्ष मर्दापाल मनीराम कोर्राम सहित जिला कार्यकारिणी के सदस्य और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन