Ghansyam Sharma / Thu, Apr 3, 2025 / Post views : 159
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
लो वोल्टेज और बिजली कटौती से परेशान 10 ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर हीरापुर में 33/11 केवी उपकेंद्र बनाने की मांग की। ज़ माकड़ी ब्लॉक के अंतर्गत आने वाली दस ग्राम पंचायतों के सरपंच बिजली की समस्या से त्रस्त होकर कोंडागांव कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। सरपंचों ने कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपा जिसमें ग्राम पंचायत हीरापुर में तत्काल 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र स्थापित करने की मांग की गई। हीरावंडी के सरपंच रूपेश नाग सहित अन्य सरपंचों ने बताया कि ग्राम पंचायत हीरापुर और आसपास के गांवों के किसान भाई बोर खनन कर गर्मी की फसल का उत्पादन कर रहे हैं। हालांकि, उन्हें लो वोल्टेज और बिजली की लगातार
कटौती के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों द्वारा लगाई गई फसलें पानी की कमी के कारण खराब हो रही हैं, क्योंकि लो वोल्टेज के कारण बोरवेल से पानी नहीं निकल पा रहा है। सरपंचों ने कहा कि इस समस्या का मुख्य कारण क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति का पर्याप्त न होना है। उन्होंने मांग की कि ग्राम पंचायत हीरापुर में तत्काल 33/11 केवी का उपकेंद्र स्थापित किया जाए ताकि किसानों को लो वोल्टेज की समस्या से निजात मिल सके और वे अपनी फसलों को बचा सकें। सरपंचों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग को जल्द पूरा नहीं किया जाता है, तो इन दस ग्राम पंचायतों के सभी ग्रामीण कोंडागांव कलेक्टर कार्यालय का घेराव करने के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि कलेक्टर उनकी समस्या को गंभीरता से लेंगे और जल्द ही इस दिशा में उचित कार्रवाई करेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन