Ghansyam Sharma / Fri, Dec 19, 2025 / Post views : 228
कोण्डागांव। पत्रिका लुक (सरला यादव)
बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक लता उसेण्डी ने माकड़ी विकासखंड के ग्राम रांधना में आयोजित तीन दिवसीय ब्लॉक स्तरीय शारीरिक, बौद्धिक एवं सांस्कृतिक शालेय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर स्कूली बच्चों, शिक्षकों और ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक लता उसेण्डी ने कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का मजबूत आधार है। खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि मानसिक, बौद्धिक विकास के साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में पढ़ाई के साथ खेलों का संतुलन अत्यंत आवश्यक है। विधायक ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लें और अपने प्रतिभा को पहचान कर आगे बढ़ें।
विधायक लता उसेण्डी ने कहा कि राज्य सरकार एवं बस्तर विकास प्राधिकरण बच्चों और युवाओं के लिए खेल सुविधाओं के विस्तार हेतु लगातार प्रयासरत है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ी भी राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
कार्यक्रम के दौरान सरस्वती सहायता योजना के अंतर्गत 30 बालिकाओं को साइकिल का वितरण किया गया। साइकिल पाकर बालिकाओं के चेहरे खिल उठे। विधायक ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करना और विद्यालय तक उनकी पहुंच को आसान बनाना है।
इस अवसर पर यतेन्द्र सलाम, शमनोहर साहू, विकासखंड शिक्षा अधिकारी माकड़ी, क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं आयोजन शिक्षा विभाग के सहयोग से किया गया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में विभिन्न शारीरिक, बौद्धिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी भाग ले रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन