Ghansyam Sharma / Thu, Jul 28, 2022 / Post views : 164
गोबर के बाद अब गौमूत्र 4 रुपये प्रति लीटर खरीदेंगी राज्य सरकार
कोंडागांव पत्रिका लुक।
कृषि प्रधान छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के सार्थक प्रयासों से आज किसानों, गौपालकों और ग्रामीणों की आय संवृद्धि सहित जैविक खेती को बढ़ावा मिला है। गौठानों में गोधन न्याय योजनान्तर्गत गोबर खरीदी एवं गोबर के अन्य उत्पाद से महिला समूह की बहनों तथा गौठान समिति को आमदनी हो रही है। अब राज्य सरकार ने गौमूत्र खरीदी प्रारंभ कर गौमूत्र से जीवामृत, बीजामृत, नीमामृत, ब्रम्हास्त्र जैसे उत्पाद तैयार करने की जिम्मेदारी इन महिला समूहों को सौंपा है। जिससे फसलों में कीट प्रकोप के नियंत्रण सहित फसल का अच्छा उत्पादन प्राप्त हो सकेगा। राज्य सरकार किसानों, ग्रामीणों की आय बढ़ाने की दिशा में गौठानों को आजीविका का केन्द्र बना चुकी है, जहां मछलीपालन, कुक्कुटपालन, पशुपालन, सुकरपालन सहित साग-सब्जी का उत्पादन और अन्य आयमूलक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिला है। विधायक कोण्डागांव मोहन मरकाम ने छत्तीसगढ़ की पहली तिहार हरेली तिहार के अवसर पर बड़ेकनेरा में गोधन न्याय योजनान्तर्गत गौमूत्र क्रय एवं उत्पाद निर्माण का शुभारंभ करने के पश्चात स्थानीय हल्बी बोली में पंचायत पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों को हरेली तिहार की बधाई देते हुए कही। विधायक मरकाम ने इस अवसर पर राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों, ग्रामीणों सहित सभी तबके के लोगों के विकास के लिए लिए कटिबद्ध है।
कलेक्टर दीपक सोनी ने छत्तीसगढ़ी में हरेली तिहार की गाड़ा-गाड़ा बधाई देते हुए कहा कि गौमूत्र किसानों एवं ग्रामीणों की आर्थिक समृद्धि का आधार बनेगा। गौठानों में गौमूत्र की खरीदी सहित जीवामृत, बीजामृत जैसी कीटनाशक के साथ ही विभिन्न प्रकार की औषधियों का निर्माण किया जायेगा। इससे सीधे ग्रामीणों को रोजगार मिलेगा। उन्होने किसानों, पशुपालकों एवं ग्रामीणों को पंजीयन करवाकर गौमूत्र विक्रय करने की समझाईश दी। सीईओ जिला पंचायत प्रेमप्रकाश शर्मा ने स्वागत उद्बोधन देते बताया कि जिले में आज से बड़ेकनेरा एवं राजागांव गौठान में गौमूत्र खरीदी शुरू की जा रही है। किसानों एवं पशुपालक सहित ग्रामीण यहां पर गौमूत्र विक्रय कर सकेंगे और उन्हे 04 रूपये प्रति लीटर की दर से भुगतान प्राप्त होने पर अच्छी आमदनी मिलेगी। हरेली तिहार के अवसर पर बड़ेकनेरा गौठान में ग्रामीणों ने उत्साह एवं उमंग के साथ अतिथियों का स्वागत किया और हरेली तिहार को मनाया। शुरूआत में विधायक मरकाम तथा अन्य अतिथियों ने छत्तीसगढ़ महतारी एवं कृषि औजारों की पूजा-अर्चना कर अच्छी फसल और सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। संतोषी कश्यप ने बेची 03 लीटर गौमूत्र बड़ेकनेरा गौठान में गौमूत्र क्रय शुभारंभ अवसर पर गांव की ग्रामीण महिला श्रीमती संतोषी कश्यप ने घर के गाय से संग्रहित कर लाये 03 लीटर गौमूत्र का विक्रय किया। इस दौरान विधायक मरकाम ने उसके द्वारा लाये गये गौमूत्र का माप किया और किसानों और ग्रामीणों को अपने गौवंशीय पशुओं से संग्रहित गौमूत्र का विक्रय कर गोधन न्याय योजना से लाभान्वित होने का आग्रह किया। बड़ेकनेरा गौठान परिसर में हरेली तिहार के मौके पर विधायक मोहन मरकाम सहित जनप्रतिनिधियों एवं कलेक्टर दीपक सोनी ने गेड़ी चढ़कर गेड़ी दौड़ में भाग लेने वाले युवाओं का उत्साह बढ़ाया और बेहतर प्रर्दशन करने की समझाईश दी। इस मौके पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधी एवं पंचायत पदाधिकारियों सहित डीएफओ दक्षिण कोण्डागांव उत्तम कुमार गुप्ता, संयुक्त कलेक्टर मनोज कोसरिया, एसडीएम चित्रकांत चार्ली ठाकुर और विभिन्न विभागों अधिकारियों के अलावा गांव के पटेल, गायता-पुजारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद थे।
सूत्र- जिला जनसंपर्क कोंडागांव से प्रेसनोट।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन