Ghansyam Sharma / Fri, May 8, 2026 / Post views : 24
बलौदाबाजार। पत्रिका लुक
बलौदाबाजार जिले में जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए संचालित “मोर गांव, मोर पानी अभियान 2.0” अब जन-आंदोलन का रूप ले चुका है। जिला प्रशासन और जनभागीदारी के समन्वय से अब तक जिले के 722 गांवों, 517 ग्राम पंचायतों और 9 नगरीय क्षेत्रों में 87 हजार से अधिक जल संचयन संरचनाओं का निर्माण किया गया है। इनमें सोख्ता गड्ढे, चेक डैम, तालाब गहरीकरण और रूफ-टॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग जैसे कार्य शामिल हैं।
कैच द रैन-जल शक्ति अभियान 2.0 के तहत जिले में कुल 87,173 कार्य जेएसए-सीटीआर पोर्टल में दर्ज किए गए हैं। इनमें रेन वाटर हार्वेस्टिंग और सोक पिट के 61 हजार से अधिक कार्य, डबरी, कुआं, तालाब और रिचार्ज पिट के 7,803 कार्य, वन विभाग द्वारा 15 हजार से अधिक संरचनाएं तथा कृषि विभाग द्वारा बोरवेल रिचार्ज और ट्रेंच निर्माण शामिल हैं।
जल प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के चलते बलौदाबाजार जिला राष्ट्रीय स्तर पर तीसरे स्थान पर पहुंचा है। इस अभियान से भू-जल स्तर में सुधार होने के साथ किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलने की उम्मीद है, जिससे कृषि उत्पादकता बढ़ेगी।
जिला प्रशासन ने आगामी मानसून से पहले एक लाख से अधिक जल संरचनाएं पूर्ण करने का लक्ष्य रखा है, ताकि प्रत्येक गांव जल के मामले में आत्मनिर्भर बन सके।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन