Ghansyam Sharma / Mon, May 25, 2026 / Post views : 99
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
जिले के माकड़ी विकासखंड अंतर्गत ग्राम तमरावण्ड में देव जात्रा (पूजा) के बाद आयोजित सामूहिक भोज लोगों के लिए भारी पड़ गया। सामूहिक भोज ग्रहण करने के बाद गांव के दो दर्जन से अधिक लोग फूड पॉयजनिंग का शिकार हो गए, जिनमें से एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को गांव में पारंपरिक देव जात्रा (पूजा) कार्यक्रम आयोजित किया गया था। जात्रा संपन्न होने के बाद ग्रामीणों के लिए सामूहिक भोज का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में गांव के लोग शामिल हुए थे। बताया जा रहा है कि भोज करने के कुछ घंटों बाद से ही लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। रविवार सुबह कई ग्रामीणों को उल्टी, पेट दर्द, और कमजोरी की शिकायत होने लगी।
स्थिति गंभीर होते देख परिजनों एवं ग्रामीणों ने बीमार लोगों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र माकड़ी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों द्वारा सभी का उपचार शुरू किया गया। वहीं कुछ मरीजों की हालत ज्यादा गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल कोण्डागांव रेफर किया गया है। जिला अस्पताल में भी मरीजों का इलाज जारी है।
ग्रामीणों में घटना को लेकर भय और चिंता का माहौल बना हुआ है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन