Ghansyam Sharma / Mon, Feb 2, 2026 / Post views : 239
एसपी पंकज चंद्रा बोले—दो थीम पर चला अभियान, सड़क सुरक्षा मितान का किया गया सम्मान
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
विधायक कोंडागांव लता उसेंडी की प्रमुख उपस्थिति में जिला कोंडागांव यातायात पुलिस विभाग द्वारा राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 का समापन समारोह 02 फरवरी को ऑडिटोरियम भवन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लता उसेंडी ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है, तभी सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।

पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने बताया कि इस वर्ष राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह दो प्रमुख थीम पर मनाया गया। पहली थीम “सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा” और दूसरी थीम “सबके मुंडी, सबपे हेलमेट” रही। इन दोनों विषयों को लेकर जिलेभर में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष एक नवाचार के रूप में “सड़क सुरक्षा मितान” की शुरुआत की गई। ऐसे लोगों की पहचान की गई, जिन्होंने सड़क दुर्घटना के समय घायलों की मदद की, समय पर वाहन की उपलब्धता सुनिश्चित की और पीड़ितों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। ऐसे नागरिकों को समारोह में सम्मानित किया गया।

01 से 31 जनवरी तक चले अभियान के दौरान स्कूलों, कॉलेजों, ग्राम पंचायतों और सार्वजनिक स्थलों पर रैलियां, नुक्कड़ नाटक, प्रशिक्षण सत्र और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग, नशे में वाहन न चलाने, तेज गति और मोबाइल फोन का प्रयोग करते हुए ड्राइविंग रोकने पर विशेष जोर दिया गया।
समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष रीता सोरी सहित जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
सुरक्षित सड़कें, सुरक्षित जीवन—हमारी साझा जिम्मेदारी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन