Ghansyam Sharma / Fri, Dec 5, 2025 / Post views : 177
केशकाल। पत्रिका लुक (नरेंद्र सेठिया)
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पारोंड, विकासखंड बड़ेराजपुर, जिला कोण्डागांव की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा ग्राम लिहागांव में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन शुक्रवार को सरपंच हीरालाल नेताम, उपसरपंच घुडहुराम मंडावी, प्राचार्य के.के. नाग सहित ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ नागरिकों की उपस्थिति में किया गया। कार्यक्रम अधिकारी अमरसिंह पुरामे ने शिविर की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की।
शिविर के दौरान प्रत्येक सुबह प्रभात फेरी के माध्यम से “उठ जाग मुसाफिर” और NSS के नारों के साथ ग्रामीणों को जागरूक किया गया। राज्य स्तरीय योग परीक्षक एवं व्याख्याता सुखराम नेताम ने प्रतिदिन योगाभ्यास करवाते हुए सूर्य नमस्कार, सूक्ष्म व्यायाम, कपालभाती, ओम उच्चारण आदि के लाभ बताए। वालंटियर्स को छह समूहों में बांटकर विभिन्न पारा एवं सार्वजनिक स्थलों में स्वच्छता अभियान, सड़क समतलीकरण, आंगनबाड़ी व विद्यालय परिसर की सफाई तथा शिक्षा संबंधी गतिविधियां संचालित की गईं।
बौद्धिक परिचर्चा में सेवानिवृत्त प्राचार्य एस.एन. चांदेकर ने नशामुक्ति, माता-पिता का सम्मान, मोबाइल के दुष्प्रभाव तथा पर्यावरण संरक्षण पर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। पुलिस विभाग के ए.एस.आई. रमेश निषाद एवं जगदीश नेताम ने साइबर फ्रॉड, अपराधों से बचाव के उपाय बताए। पशुचिकित्सक डॉ. पी.एल. ठाकुर तथा कृषि विस्तार अधिकारी राजेन्द्र नेताम ने पशुपालन व कृषि संबंधी वैज्ञानिक जानकारी प्रदान की। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ब्लड चेक-अप, बीपी परीक्षण सहित स्वच्छता संदेश दिया।


शिविर का निरीक्षण जिला संगठक प्रो. शशिभूषण कन्नौजे एवं कार्यक्रम समन्वयक डॉ. संजीवन कुमार ने किया। उन्होंने ग्रामीण संपर्क, नशा, स्वच्छता, स्वास्थ्य और शिक्षा पर आधारित नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से जनजागरूकता बढ़ाने हेतु वालंटियर्स को प्रेरित किया।
शिविर के दौरान ग्राम लिहागांव की जनसंख्या, पारा संख्या, पेयजल, स्वच्छता, शिक्षा, गंभीर बीमारी, SIR तथा 80 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों का सर्वे भी किया गया। सातों दिनों सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए जिनमें नशामुक्त भारत, स्वच्छता और शिक्षा प्रमुख विषय रहे।
अतिथियों ने अपने उद्बोधन में राष्ट्रीय सेवा योजना को व्यक्तित्व विकास का उत्कृष्ट माध्यम बताया तथा ग्रामीणों को शिविर में सीखे मूल्यों को जीवन में अपनाने की अपील की। अंत में प्राचार्य के.के. नाग ने समस्त ग्रामवासियों, पंचायत प्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों एवं वालंटियर्स का आभार व्यक्त किया।
समापन अवसर पर सरपंच हीरालाल नेताम, उपसरपंच घुडाऊराम मंडावी, ग्राम पटेल छब्बीलाल नेताम, शितला पुजारी प्रभुराम पटेल, राधेलाल बघेल, मेघहुराम कुलदीप, पंचायत प्रतिनिधि, पूर्व वालंटियर्स तथा विद्यालय स्टाफ सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन