Ghansyam Sharma / Fri, Dec 19, 2025 / Post views : 263
वेतन न मिलने से मानसिक तनाव में NHM कर्मचारी
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अंतर्गत कार्यरत सैकड़ों कर्मचारियों ने करीब चार माह से वेतन नहीं मिलने से नाराज होकर शुक्रवार, 19 दिसंबर को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र वेतन भुगतान की मांग की।
प्रदर्शन में शामिल कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से वेतन नहीं मिलने के कारण उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। एक महिला कर्मचारी ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया कि वेतन न मिलने से बच्चों की पढ़ाई, घर का किराना और मकान का किराया देना बेहद मुश्किल हो गया है। लगातार आर्थिक दबाव के कारण मानसिक तनाव बढ़ रहा है। कर्मचारी ने भावुक होते हुए कहा कि ऐसी स्थिति में कई बार आत्महत्या जैसे विचार भी मन में आने लगते हैं।
कर्मचारियों ने बताया कि वे कोविड काल से लेकर अब तक स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं, इसके बावजूद उन्हें समय पर वेतन नहीं मिल रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
कर्मचारी संघ के राज्य उपाध्यक्ष ने बताया कि ज्ञापन सौंपने के दौरान कलेक्टर ने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और 2 से 3 दिनों के भीतर वेतन जारी कराने का आश्वासन दिया है। हालांकि संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर वेतन का भुगतान नहीं किया गया तो कर्मचारी आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
संघ ने कहा कि यदि भविष्य में भी ऐसी लापरवाही जारी रही तो उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। कर्मचारियों ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए, ताकि वे मानसिक और आर्थिक तनाव से राहत पा सकें।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन