Ghansyam Sharma / Tue, May 12, 2026 / Post views : 134
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
जिले में पेट्रोल और डीजल की अचानक उत्पन्न हुई किल्लत ने आमजन, वाहन चालकों और किसानों की चिंता बढ़ा दी है। जिले के कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन समाप्त होने की स्थिति बनने से लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HP), भारत पेट्रोलियम (BP) और इंडियन ऑयल (IOCL) के अधिकांश फ्यूल रिफिल प्वाइंट प्रभावित बताए जा रहे हैं। कई पेट्रोल पंप बंद रहे, जबकि कुछ पहले से ही ड्राई हो चुके हैं।
ईंधन संकट के कारण शहर, राष्ट्रीय राजमार्ग और ग्रामीण क्षेत्रों में लंबी कतारें देखी गईं। लोग पेट्रोल-डीजल की तलाश में एक पंप से दूसरे पंप तक भटकते नजर आए। स्थिति को देखते हुए कई पेट्रोल पंप संचालकों ने सीमित मात्रा में ही ईंधन देना शुरू कर दिया है। दोपहिया वाहनों में 200 रुपये तक तथा चारपहिया वाहनों में 500 से 1000 रुपये तक का ही ईंधन दिया जा रहा है।
सरिता नाग, शिक्षिका, मर्दापाल क्षेत्र निवासी
घंटों लाइन में लगने के बाद भी पर्याप्त पेट्रोल नहीं मिल पा रहा है। स्कूल आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है।
कृष्ण कुमार मरापी, शिक्षक
पेट्रोल-डीजल की कमी से रोजमर्रा की आवाजाही प्रभावित हो रही है। स्कूल आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घंटों लाइन में लगने के बाद भी सीमित मात्रा में ही ईंधन मिल पा रहा है। यदि जल्द आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले कर्मचारियों और आम लोगों की दिक्कतें और बढ़ सकती हैं।
शंकर बघेल, किसान
ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले किसानों और आम लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। कई किलोमीटर दूर से पेट्रोल-डीजल लेने पहुंचने के बाद भी कई बार खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद भी पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल-डीजल नहीं मिल पा रहा। डीजल की कमी से खेतों में ट्रैक्टर और सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
उषा कोर्राम, उपभोक्ता
पेट्रोल की कमी से रोजमर्रा के कामकाज प्रभावित हो गए हैं। 2 घण्टा से लाइन में लगने के बाद भी सीमित मात्रा में ही ईंधन मिल रहा है। लोगों को एक पेट्रोल पंप से दूसरे पंप तक भटकना पड़ रहा है। यदि जल्द आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो आम लोगों की परेशानी और बढ़ जाएगी।
दिनेश कुमार जैन, संचालक, दिनेश फ्यूल रायपुर नाका
रायपुर डिपो से नियमित सप्लाई प्रभावित होने के कारण यह स्थिति बनी है। उपलब्ध स्टॉक के अनुसार सीमित मात्रा में ईंधन दिया जा रहा है। उम्मीद है कि एक-दो दिनों में आपूर्ति सामान्य हो जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन