Ghansyam Sharma / Fri, Jun 5, 2026 / Post views : 26
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
जिले में कानून व्यवस्था मजबूत करने, लंबित अपराधों के शीघ्र निराकरण एवं असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा द्वारा गुरुवार को विशेष अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी पुलिस अनुविभागीय अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना स्तर पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं संवेदनशीलता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई, विजिबल पुलिसिंग बढ़ाने, लंबित प्रकरणों में शीघ्र चालान पेश करने तथा सोशल मीडिया मॉनिटरिंग मजबूत कर अफवाह फैलाने वालों पर तत्काल कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।
उन्होंने लंबित अपराधों के निराकरण हेतु विशेष अभियान चलाने, समन एवं वारंट की शत-प्रतिशत तामिली सुनिश्चित करने तथा विवेचना की गुणवत्ता सुधारकर न्यायालय में दोषसिद्धि प्रतिशत बढ़ाने के निर्देश भी दिए। फरियादियों के साथ मित्रवत व्यवहार करने, ग्रामों में चलित थाना लगाकर सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने तथा साइबर क्राइम, एटीएम एवं बैंक फ्रॉड और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता अभियान चलाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग एवं चेक पोस्ट के माध्यम से सघन सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी थाना प्रभारियों को दिए गए।
बैठक के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। “कॉप ऑफ द मंथ” पुरस्कार अनुविभागीय अधिकारी पुलिस फरसगांव अभिनव उपाध्याय एवं थाना प्रभारी विश्रामपुरी निरीक्षक शंकर लाल ध्रुव को प्रदान किया गया। वहीं “एम्पलाई ऑफ द मंथ” पुरस्कार रीडर पुलिस अधीक्षक उप निरीक्षक खेमराज जैन एवं प्रधान आरक्षक 140 कैलाश ठाकुर, डीएसबी शाखा पुलिस अधीक्षक कार्यालय कोण्डागांव को दिया गया।
पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा ने सम्मानित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि उनका कार्य पूरे जिले के लिए प्रेरणादायक है तथा भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य जारी रखने का आह्वान किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन