Ghansyam Sharma / Sun, Jan 11, 2026 / Post views : 230
8 जनवरी से 25 फरवरी तक जिला से पंचायत स्तर तक आंदोलन जारी रहेगा
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत कांग्रेस पार्टी द्वारा 11 जनवरी रविवार को जिला मुख्यालय के कोर्ट चौक स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के सामने एक दिवसीय उपवास कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में पूर्व मंत्री मोहन मरकाम, राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम, रवी घोष जिला अध्यक्ष कांग्रेस कमेटी कोण्डागांव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं समर्थक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र की मोदी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि देश के राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नाम पर संचालित महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना का नाम बदलकर “जी-राम-जी” किया जा रहा है। कांग्रेस का कहना है कि भाजपा सरकार केवल योजनाओं के नाम बदलने की राजनीति कर रही है, जबकि गरीबों, मजदूरों और ग्रामीणों के अधिकारों पर लगातार हमला हो रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि मनरेगा केवल एक योजना नहीं बल्कि ग्रामीण जनता का संवैधानिक अधिकार है, जिसे कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। नाम परिवर्तन के साथ-साथ मजदूरी भुगतान, काम के दिनों में कटौती और बजट में कमी जैसे मुद्दों को लेकर भी कांग्रेस ने गहरी नाराजगी जताई।
कांग्रेस ने ऐलान किया कि मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत यह आंदोलन 8 जनवरी से 25 फरवरी तक जिला स्तर से लेकर पंचायत स्तर तक लगातार जारी रहेगा। इस दौरान जनजागरण, धरना, उपवास और प्रदर्शन के माध्यम से सरकार के फैसलों का विरोध किया जाएगा। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि जब तक मनरेगा का नाम और स्वरूप यथावत नहीं रखा जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
देखें वीडियो---
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन