Ghansyam Sharma / Wed, Oct 15, 2025 / Post views : 185
सीपीआई कोण्डागांव ने बाइक रैली के निकालकर राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) जिला परिषद कोण्डागांव ने चौपाटी मैदान से बाइक रैली निकालकर एसडीएम कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री के नाम से ज्ञापन सौंपा। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सीपीआई के राज्य परिषद सचिव मंडल सदस्य तिलक, जिला सचिव शैलेश, सह सचिव द्वय दिनेश और जयप्रकाश, तथा सदस्य लक्ष्मण, मुकेश, सरादू, बिसम्बर, रिंकू, रामचंद, रमेश, रामसिंह, शिवशंकर, देवनाथ, गंदरू, सवालाल, लालकुमार, सुबरू आदि भी उपस्थित थे।
ज्ञापन में कहा गया है कि बस्तर संभाग आदिवासी बहुल और सामाजिक रूप से पिछड़ा क्षेत्र है, जिसे संविधान की पांचवीं अनुसूची के अंतर्गत विशेष संरक्षण प्राप्त है। इसके बावजूद तृतीय और चतुर्थ श्रेणी की भर्तियों में बाहरी जिलों के अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे स्थानीय युवाओं के अधिकारों का हनन हो रहा है।
सीपीआई ने मांग की है कि—
1. स्थानीय भर्ती नीति लागू की जाए, जिसमें बस्तर संभाग के स्थायी निवासियों को तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी की नौकरियों में प्राथमिकता मिले।
2. पांचवीं अनुसूची के तहत स्थानीय भर्ती को विधिक संरक्षण प्रदान किया जाए ताकि यह अधिकार भविष्य में समाप्त न हो सके।
3. खनिज संपदा का दोहन स्थानीय सहकारी समितियों या सार्वजनिक उपक्रमों के माध्यम से किया जाए।
4. ग्राम सभा की अनुमति के बिना किसी भी नई खदान की लीज न दी जाए तथा निजी/बहुराष्ट्रीय कंपनियों को नई खनिज लीज देने की प्रक्रिया पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए।
5. एनएमडीसी, नगरनार स्टील प्लांट एवं अन्य सार्वजनिक संस्थानों में ठेकेदारी प्रथा समाप्त कर स्थायी रोजगार नीति लागू की जाए।
सीपीआई ने चेतावनी दी है कि यदि शासन-प्रशासन ने इन मांगों पर शीघ्र और ठोस कार्रवाई नहीं की, तो पार्टी बस्तर के जनसमर्थन के साथ व्यापक जनांदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगी।
देखें वीडियो
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन