Ghansyam Sharma / Tue, Oct 14, 2025 / Post views : 219
कोण्डागांव। पत्रिका लुक (सरला यादव)
जल जीवन मिशन, छत्तीसगढ़ के अंतर्गत लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग कोण्डागांव द्वारा ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं के संचालन एवं अनुरक्षण हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम निरंतर जारी है। इस पहल का उद्देश्य ग्राम स्तर पर जल योजनाओं के सुचारू संचालन, जल संरक्षण तथा समुदाय की सहभागिता को सशक्त बनाना है।
प्रशिक्षण सत्र के उद्घाटन अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष कोण्डागांव अनिता कोर्राम एवं जनपद पंचायत उपाध्यक्ष टोमेंन्द्र सिंह ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण जल योजनाओं की स्थिरता एवं स्वच्छ जल उपलब्धता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने प्रतिभागियों से अपील की कि वे इस प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान को अपने ग्रामों में लागू करें, ताकि प्रत्येक गांव आत्मनिर्भर बन सके और स्वच्छ जल आपूर्ति के क्षेत्र में आदर्श स्थापित कर सके।
अब तक चार प्रशिक्षण बैच सफलतापूर्वक पूरे किए जा चुके हैं, जिनमें से दो बैच कोण्डागांव विकासखंड तथा दो बैच माकड़ी विकासखंड में आयोजित किए गए। इन प्रशिक्षणों में सैकड़ों सरपंच, सचिव एवं पंप ऑपरेटरों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने-अपने ग्रामों में जलापूर्ति योजनाओं को अधिक दक्षता से संचालित करने के लिए संकल्पित हुए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम को दो भागों में विभाजित किया गया है पहला संस्थागत एवं व्यवहारिक भाग, जिसमें सामुदायिक भागीदारी, जिम्मेदारियाँ, पारदर्शिता और स्वामित्व की भावना पर चर्चा की जाती है; तथा दूसरा तकनीकी भाग, जिसमें जलापूर्ति प्रणाली के रखरखाव, मोटर संचालन, जल गुणवत्ता परीक्षण, क्लोरीनीकरण एवं ऊर्जा संरक्षण जैसे विषय शामिल हैं।
राज्य स्तर पर प्रत्येक जिले से दो मास्टर ट्रेनर्स को प्रशिक्षित किया गया है। कोण्डागांव जिले के लिए सुहानी बक्शी (संस्थागत एवं व्यवहारिक भाग) तथा दीपक साहू (तकनीकी भाग) प्रशिक्षण का संचालन कर रहे हैं। ये दोनों प्रशिक्षक प्रतिभागियों को व्यवहारिक और तकनीकी दोनों पहलुओं की गहन जानकारी प्रदान कर रहे हैं।
इन प्रशिक्षणों का उद्देश्य है कि प्रत्येक ग्राम पंचायत अपनी जल योजना को स्वयं संचालित करने में सक्षम बने, जिससे योजनाओं की दीर्घकालिक स्थिरता सुनिश्चित हो और हर घर तक स्वच्छ एवं सुजल जल पहुँचे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन