Ghansyam Sharma / Thu, Apr 9, 2026 / Post views : 174
रायपुर। पत्रिका लुक
छत्तीसगढ़ में शिक्षा को भविष्य की तकनीकों से जोड़ते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित नवाचारों की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत हुई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में गूगल फॉर एजुकेशन इंडिया के प्रमुख संजय जैन एवं गूगल इंडिया के पब्लिक पॉलिसी प्रमुख राजेश रंजन ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने अतिथियों का पारंपरिक सम्मान करते हुए उन्हें शॉल एवं बस्तर कला की प्रतिकृति भेंट की।
संजय जैन ने रायपुर जिला प्रशासन और गूगल के मध्य हुए लेटर ऑफ इंटेंट (LOI) की जानकारी देते हुए बताया कि रायपुर जिले में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में “AI सक्षम शिक्षा अभियान” की शुरुआत की गई है। इस अभियान के माध्यम से स्कूल शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित नवाचारों को बढ़ावा दिया जाएगा। “सक्षम शिक्षक अभियान” के तहत शिक्षकों को आधुनिक डिजिटल टूल्स और AI आधारित शिक्षण पद्धतियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रथम चरण की शुरुआत रायपुर से होगी, जिसके बाद इसे पूरे राज्य में विस्तार दिया जाएगा।
इस कार्यक्रम के अंतर्गत 2 लाख से अधिक शिक्षकों को AI प्रमाणन देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। गूगल फॉर एजुकेशन अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म को निःशुल्क उपलब्ध कराने की योजना बना रहा है, जिससे शिक्षक तकनीकी रूप से सशक्त बन सकें। प्रारंभिक चरण में 200 शिक्षकों की सहभागिता से कार्यशालाएं आयोजित होंगी, जिनमें AI टूल्स का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को भविष्य के अनुरूप तकनीक-सक्षम बनाना सरकार की प्राथमिकता है। AI को शिक्षा से जोड़ना विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह पहल शिक्षण गुणवत्ता बढ़ाने के साथ विद्यार्थियों में नए कौशल विकसित करेगी और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन