Ghansyam Sharma / Tue, Sep 29, 2026 / Post views : 37
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर खुले में घूमते मवेशियों को लेकर प्रशासन ने सख्ती के संकेत दिए हैं। मंगलवार को जिला कार्यालय में कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना की अध्यक्षता में हुई जिला पशु क्रूरता निवारण समिति की बैठक में पशुओं की सुरक्षा, संरक्षण और क्रूरता की रोकथाम को लेकर कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
कलेक्टर ने पशुपालकों को मवेशियों को खुले में छोड़ने से रोकने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पशुओं की सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पशुपालकों और समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए पशु प्रेमियों और पशु कल्याण से जुड़े लोगों को एक साझा मंच पर लाकर समन्वित प्रयास करने पर जोर दिया गया।
सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर विचरण करने वाले मवेशियों को हटाने के लिए नगर पालिका को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक में पशुओं के प्रति संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने, उनकी सुरक्षा के लिए विभागीय समन्वय बढ़ाने तथा पशु क्रूरता की घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी गतिविधियां संचालित करने पर भी चर्चा हुई।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, अपर कलेक्टर अजय उरांव, समिति सचिव डॉ. सुरेंद्र नाग, उप सचिव नरोत्तम चंद्राकर सहित समिति के सदस्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन