Ghansyam Sharma / Tue, Sep 29, 2026 / Post views : 67
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
किसी ने पांच किलोमीटर पक्की सड़क की मांग रखी, तो किसी ने आवास और प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान की भरपाई की गुहार लगाई। स्वास्थ्य केंद्र में स्टाफ की कमी का मुद्दा भी जनदर्शन में उठा। मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिले के विभिन्न गांवों से पहुंचे लोगों ने कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के सामने अपनी समस्याएं रखीं। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए।
ग्राम आटेंगा के बुधराम नेताम ने ओटेण्डा-कपेना चौक से भर्रापारा तक करीब पांच किलोमीटर पक्की सड़क की मांग की। उन्होंने बताया कि बारिश के दौरान मार्ग खराब होने से ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी होती है।
ग्राम दहिकोंगा की साधना कश्यप ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान की मांग रखी। काटागांव के लच्छुराम महावीर और सुरेंद्र नाग ने प्राकृतिक आपदा एवं जलभराव से हुई क्षति के लिए सहायता राशि की मांग की।
वहीं बंजोड़ा के अर्जुन नाग ने उप स्वास्थ्य केंद्र में स्टाफ की कमी से ग्रामीणों को हो रही परेशानी बताते हुए अतिरिक्त कर्मचारी की व्यवस्था की मांग की। जनदर्शन में प्राप्त अन्य आवेदनों पर भी कलेक्टर ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन