Ghansyam Sharma / Sat, Oct 11, 2025 / Post views : 191
फरसगांव। पत्रिका लुक ( नरेंद्र सेठिया)
कोण्डागांव जिले के फरसगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाइवे-30 पर शनिवार को बोरगांव के समीप दो कारों के बीच आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक इनोवा कार सड़क से उतरकर सीधे तालाब में जा घुसी। कार में करीब 12 लोग सवार थे, जिनमें एक डेढ़ माह का शिशु भी शामिल था। सौभाग्य से सभी सवार बाल-बाल बच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक कार फरसगांव की ओर से जबकि दूसरी कोण्डागांव दिशा से तेज रफ्तार में आ रही थी। बोरगांव मोड़ के पास अचानक नियंत्रण बिगड़ जाने से दोनों वाहनों की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद इनोवा वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह तालाब में जा गिरा।
हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कार में फंसे सवारों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर फरसगांव पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात बहाल किया। पुलिस के अनुसार, हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन दोनों वाहनों को गंभीर क्षति पहुंची है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से हाईवे पर गति नियंत्रण संकेतक लगाने और सड़क के मोड़ों पर चेतावनी बोर्ड स्थापित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन