Ghansyam Sharma / Mon, Mar 30, 2026 / Post views : 220
रायपुर। पत्रिका लुक (भावेश जैन)
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज चंदखुरी स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी में आयोजित उप निरीक्षक संवर्ग के दीक्षांत (पासिंग आउट परेड) समारोह में शामिल हुए। उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। इस अवसर पर सूबेदार, उप निरीक्षक एवं प्लाटून कमांडर संवर्ग के अधिकारियों को सफल प्रशिक्षण पूर्ण करने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस सत्र में कुल 859 प्रशिक्षुओं ने प्रशिक्षण पूर्ण किया, जिनमें 54 सूबेदार, 528 उप निरीक्षक (जीडी), 2 उप निरीक्षक (कंप्यूटर), 1 उप निरीक्षक (रेडियो), 1 उप निरीक्षक (अंगुली चिन्ह), 68 उप निरीक्षक (एसबी) तथा 205 प्लाटून कमांडर शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये अधिकारी केवल कानून के रक्षक ही नहीं, बल्कि प्रदेश की आशाओं और विश्वास के संरक्षक भी हैं। उन्होंने सभी प्रशिक्षुओं से कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की अपेक्षा की।

उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने प्रशिक्षण पूर्ण कर चुके सभी अधिकारियों एवं उनके परिजनों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ये प्रशिक्षु छत्तीसगढ़ पुलिस की ताकत को और सुदृढ़ करेंगे। भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बताते हुए उन्होंने कहा कि यह सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे ऐसा माहौल बनाएं, जिसमें अपराधियों में कानून का भय और आम नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास कायम रहे।
समारोह में विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं—सर्वेश कुमार, किरण, मीताली बुग्गे, देवेन्द्र सिंह, भरत कुमार, जयप्रकाश राठौर, सचिन यादव, सुंदर मनीष, जितेन्द्र कुमार वैष्णव, जितेंद्र सिंह राजपूत और राकेश वैष्णव—को ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव मनोज पिंगुआ, एडीजी दीपांशु काबरा, अकादमी के संचालक अजय यादव, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक पल्लव सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में प्रशिक्षुओं के परिजन उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन