Ghansyam Sharma / Fri, Mar 20, 2026 / Post views : 183
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
चैत्र नवरात्र के दौरान कोण्डागांव के नए बस स्टैंड में धार्मिक आस्था से जुड़ा एक विवाद सामने आया है। बस स्टैंड परिसर में स्थित शौचालय के गेट के पास डस्टबिन के बगल में देवी-देवताओं के साथ प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की तस्वीरों वाले पोस्टर लगाए जाने से लोगों में आक्रोश फैल गया।
प्रतिदिन सैकड़ों यात्रियों के आवागमन वाले इस स्थान पर ऐसे पोस्टर लगाए जाने को स्थानीय लोगों और हिंदू समाज ने आस्था का अपमान बताया। मामला तब तूल पकड़ गया जब एक महिला ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो सामने आते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में संबंधित पोस्टरों को हटा दिया गया।
घटना के बाद राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आई। कांग्रेस के शहर अध्यक्ष नरेंद्र देवांगन मौके पर पहुंचे और इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए निंदा की। उन्होंने कहा कि शौचालय के पास देवी-देवताओं की तस्वीर लगाना धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना है।
कांग्रेस ने इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन