Ghansyam Sharma / Sun, Nov 30, 2025 / Post views : 173
केशकाल। पत्रिका लुक (नरेंद्र सेठिया)
कोंडागांव पुलिस ने अपनी तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सोनपुर गांव से लापता हुई कक्षा सातवीं की दो छात्राओं को मात्र 24 घंटे में सुरक्षित खोज निकाला। शनिवार सुबह स्कूल जाने के बाद दोनों बच्चियां घर नहीं लौटी थीं, जिसके बाद परिवार और गांव में चिंता का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही विश्रामपुरी थाना पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तत्काल खोजबीन शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने एडिशनल एसपी कौशलेंद्र देव पटेल के नेतृत्व में तीन विशेष टीमें गठित कीं। इनमें विश्रामपुरी टीआई विनोद नेताम, केशकाल टीआई ज्ञानेंद्र सिंह चौहान और साइबर सेल प्रभारी सौरभ उपाध्याय की टीमें शामिल थीं। पुलिस ने केशकाल, नारायणपुर, कांकेर, रायपुर से लेकर ओडिशा सीमा तक दुकानदारों, होटल संचालकों और बस स्टाफ से पूछताछ की तथा कई स्थानों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले।
लगातार खोज के दौरान बच्चियों की लोकेशन कांकेर जिले में चिन्हित हुई। पुष्टि के बाद उन्हें स्थानीय बाल संप्रेक्षण गृह में सुरक्षित पाया गया। चाइल्ड वेलफेयर विभाग द्वारा दोनों की काउंसलिंग की जा रही है, जिसके बाद सोमवार को उन्हें परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा। परिजनों ने त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन