Ghansyam Sharma / Wed, Aug 5, 2026 / Post views : 63
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना ने बुधवार को बड़ेकनेरा रोड स्थित कॉटन गद्दा निर्माण इकाई का निरीक्षण किया। उन्होंने इकाई की स्थापना के लिए चल रहे प्रशिक्षण कार्यों की जानकारी लेते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने कोंडानार गारमेंट फैक्ट्री से प्राप्त कपड़ों के वेस्ट मटेरियल का उपयोग कर गद्दे एवं तकिए तैयार करने के लिए जरूरी मशीनरी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कार्यस्थल पर सुव्यवस्थित व्यवस्था विकसित करने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया। कलेक्टर ने कहा कि स्थानीय युवाओं एवं महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए चरणबद्ध तरीके से अलग-अलग बैच बनाकर प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले लोगों को इसी इकाई के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने बाजार की मांग के अनुरूप कार्ययोजना तैयार कर उत्पादन एवं कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने एनसीसी मैदान के समीप निर्माणाधीन मल्टीयूटिलिटी सेंटर का भी अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और निर्धारित समय-सीमा में निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। निरीक्षण के दौरान हाउसिंग बोर्ड के कार्यपालन अभियंता शिवम सोनी, लाइवलीहुड कॉलेज के प्रभारी अधिकारी पुनेश्वर वर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन