Ghansyam Sharma / Tue, Jan 27, 2026 / Post views : 252
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर कोंडागांव प्रेस क्लब परिसर में जिले के पत्रकारों द्वारा गरिमामय एवं सादगीपूर्ण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रेस क्लब अध्यक्ष सुरेन्द्र सोनपिपरे ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इस अवसर पर जिलेभर से आए पत्रकार साथी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
ध्वजारोहण के पश्चात अध्यक्ष सुरेन्द्र सोनपिपरे ने उपस्थित पत्रकारों को संबोधित करते हुए गणतंत्र दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी 1950 को भारत ने पूर्ण गणतंत्र के रूप में अपनी पहचान बनाई और उसी के साथ मीडिया को लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली। उन्होंने कहा कि एक पत्रकार की भूमिका केवल समाचार देने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज, लोकतंत्र और राष्ट्रहित की रक्षा करना भी उसका दायित्व है।


अध्यक्ष सोनपिपरे ने जिले के सभी कलमकारों से अपने कर्मक्षेत्र के माध्यम से देश सेवा करने, सच्चाई, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ पत्रकारिता करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ईमानदार और निर्भीक पत्रकारिता ही लोकतंत्र को मजबूत बनाती है और आमजन की आवाज़ को शासन-प्रशासन तक पहुंचाती है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पत्रकारों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संविधान के मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प लिया। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें जिलेभर के वरिष्ठ एवं युवा पत्रकारों की सक्रिय सहभागिता रही।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन