Ghansyam Sharma / Wed, May 7, 2025 / Post views : 174
रायपुर । पत्रिका लुक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आज नई दिल्ली में आयोजित केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में आईआईटी भिलाई सहित देश के पांच आईआईटी संस्थानों के शैक्षणिक और आधारभूत संरचना विस्तार को मंजूरी दी गई। इस निर्णय के तहत आईआईटी भिलाई के कैम्पस में नई सुविधाएं और सीटों की संख्या बढ़ाई जाएगी, जिससे तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस फैसले को विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में बड़ा कदम बताते हुए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।
देशभर के आईआईटी में अगले चार वर्षों में 6,576 नई सीटें जुड़ेंगी, जिससे कुल सीटें 13,687 हो जाएंगी। आईआईटी भिलाई के साथ-साथ तिरुपति (आंध्र प्रदेश), जम्मू, धारवाड़ (कर्नाटक) और पालक्काड़ (केरल) के आईआईटी का भी विस्तार होगा। इस पूरे परियोजना पर सरकार 11,828.79 करोड़ रुपये खर्च करेगी।
इस फैसले से न केवल छात्रों को उच्च गुणवत्ता की तकनीकी शिक्षा मिलेगी, बल्कि छत्तीसगढ़ में रोजगार, आवास, परिवहन व अन्य स्थानीय सेवाओं की मांग भी बढ़ेगी। संस्थानों में 130 नए प्रोफेसर पद सृजित किए जाएंगे और पांच नए अनुसंधान पार्क स्थापित होंगे, जिससे नवाचार व उद्योग-अकादमिक सहयोग को मजबूती मिलेगी।
आईआईटी भिलाई पहले से ही अपने स्थायी परिसर में कार्य कर रहा है और यह विस्तार उसे एक अत्याधुनिक शिक्षा केंद्र में परिवर्तित करेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन