Ghansyam Sharma / Mon, Feb 2, 2026 / Post views : 212
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
थाना कोतवाली कोण्डागांव पुलिस ने गौवंश हत्या के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम लंजोड़ा भेलवाभाटा क्षेत्र से सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 1 फरवरी 2026 की शाम मुखबिर से सूचना मिली थी कि नीलगिरी प्लांट परिसर में गौवंश को काटकर मांस का विक्रय एवं सेवन की तैयारी की जा रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां नीली झिल्ली बिछाकर गौवंश का मांस अलग-अलग भागों में काटकर रखा गया था। मांस को पॉलिथीन में भरकर बेचने की तैयारी की जा रही थी, वहीं पास ही लोहे की कढ़ाही में चूल्हा जलाकर मांस पकाया जा रहा था। मौके पर पशु चिकित्सा विभाग की टीम को बुलाकर परीक्षण कराया गया।
प्रार्थी मुकेश सोनी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 41/2026 पंजीबद्ध किया गया। आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 325, 3(5) तथा छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम 2011 की धारा 4, 5, 6 एवं 10 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) रूपेश कुमार के मार्गदर्शन में सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेजा गया। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन