Ghansyam Sharma / Sun, Aug 2, 2026 / Post views : 66
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
देश की सीमाओं पर तैनात भारतीय सैनिकों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से ‘ऑपरेशन रक्षा सूत्र 0.4–2026’ के चौथे चरण का शुभारंभ 3 अगस्त को दंतेवाड़ा से किया जाएगा। अभियान की शुरुआत दंतेश्वरी माता का आशीर्वाद लेकर रथ यात्रा के साथ होगी। इसके बाद यह यात्रा छत्तीसगढ़ के सभी जिलों तक पहुंचेगी।
पूर्व सैनिक महासभा के अध्यक्ष एवं ‘सिपाही रक्षा सूत्र’ के सचिव महेंद्र प्रताप सिंह राणा ने बताया कि ‘ऑपरेशन रक्षा सूत्र’ पूरी तरह निःशुल्क अभियान है। अब तक इसके माध्यम से 27 लाख 92 हजार भारतीय सैनिकों को छत्तीसगढ़ की मिट्टी का तिलक किया जा चुका है। अभियान के चौथे चरण की शुरुआत इस बार दंतेवाड़ा की पवित्र धरती से की जा रही है।
अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के बच्चे अपने हाथों से सैनिकों के लिए रक्षा सूत्र तैयार करेंगे। प्रदेश के प्रत्येक जिले से एक चुटकी छत्तीसगढ़ की मिट्टी लिफाफे में रखी जाएगी। बच्चे देश की रक्षा में तैनात जवानों के नाम अपने हाथों से पत्र भी लिखेंगे। इन रक्षा सूत्रों, मिट्टी और बच्चों के भावनात्मक पत्रों को सैनिकों तक पहुंचाया जाएगा।

दंतेवाड़ा से शुरू होने वाली रथ यात्रा छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से होकर गुजरेगी। यात्रा के दौरान लोगों, युवाओं और बच्चों को अभियान से जोड़ा जाएगा। प्रत्येक जिले की मिट्टी एकत्र कर सैनिकों तक पहुंचाई जाएगी। इसका उद्देश्य छत्तीसगढ़ की माटी और देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे जवानों के बीच भावनात्मक जुड़ाव स्थापित करना है।
महेंद्र प्रताप सिंह राणा ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल सैनिकों तक रक्षा सूत्र और मिट्टी पहुंचाना नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की माटी, बच्चों की भावनाओं और देश की रक्षा करने वाले सैनिकों के बीच भावनात्मक रिश्ता कायम करना भी है। साथ ही युवाओं, नौजवानों और आम नागरिकों में देशप्रेम, राष्ट्रभक्ति और सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
दंतेवाड़ा जाने के दौरान रथ यात्रा का कोण्डागांव बस स्टैंड पर भी स्वागत किया गया। यहां जीवन दिशा अकैडमी के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, युवाओं तथा नगर के गणमान्य नागरिकों ने रथ यात्रा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अभियान के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। इस दौरान देश की रक्षा में तैनात सैनिकों के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना देखने को मिली।
3 अगस्त को दंतेश्वरी माता का आशीर्वाद लेकर शुरू होने वाली यह रथ यात्रा छत्तीसगढ़ की माटी, बच्चों के स्नेह और देशभक्ति का संदेश लेकर प्रदेश के विभिन्न जिलों तक पहुंचेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन