Ghansyam Sharma / Fri, Jan 9, 2026 / Post views : 386
केशकाल। पत्रिका लुक (नरेंद्र सेठिया)
बस्तर की लाइफ लाइन माने जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 30 (NH-30) को सुगम और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से केशकाल नगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरुआत कर दी गई है। लंबे समय से जर्जर हालत में पड़े मार्ग के जीर्णोद्धार एवं चौड़ीकरण कार्य के मद्देनज़र प्रशासन ने यह कार्रवाई शुरू की है, ताकि यातायात व्यवस्था बेहतर हो सके और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार केशकाल नगर क्षेत्र में अतिक्रमण की सूची में लगभग 182 लोगों के नाम शामिल हैं। इन सभी को पूर्व में नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने की सूचना दी गई थी। इसके बाद शुक्रवार से नगर में चरणबद्ध तरीके से तोड़-फोड़ एवं अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रारंभ की गई।
अभियान के दौरान राजस्व विभाग का अमला, नगर पंचायत के अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर तैनात हैं और पूरी प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं। वहीं सुरक्षा की दृष्टि से किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए जिला पुलिस बल एवं स्थानीय पुलिस के जवानों को भी पर्याप्त संख्या में तैनात किया गया है।
प्रशासन का कहना है कि NH-30 के चौड़ीकरण के बाद केशकाल नगर सहित घाटी क्षेत्र में यातायात सुचारू होगा, जाम की समस्या से राहत मिलेगी और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी। अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाकर विकास कार्यों में सहयोग करें, ताकि सड़क निर्माण कार्य समय-सीमा में पूरा किया जा सके।
देखें वीडियो---
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन