Ghansyam Sharma / Fri, May 23, 2025 / Post views : 172
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
नगर पालिका कार्यालय में अध्यक्ष नरपति पटेल एवं उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य नगर पालिका अधिकारी, सहायक अभियंता सहित अन्य अधिकारी एवं ठेकेदार उपस्थित रहे।
बैठक का उद्देश्य नगर क्षेत्र में चल रहे निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना था। अध्यक्ष नरपति पटेल ने निर्देश दिए कि सभी कार्य मानसून से पूर्व पूर्ण किए जाएं, ताकि नागरिकों को बरसात के दौरान कोई असुविधा न हो। उन्होंने कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि समयसीमा का पालन न करने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा।
उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी ने वर्षों से लंबित कार्यों पर चिंता जताई और ठेकेदारों को चेतावनी दी कि इस बार लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने गुणवत्ता के साथ समय पर कार्य पूर्ण करने की आवश्यकता पर बल दिया।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी दिनेश डे ने तकनीकी पहलुओं पर चर्चा करते हुए कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया, वहीं सहायक अभियंता ने प्रत्येक परियोजना की वर्तमान स्थिति का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया।
वही अधिकारियों ने ठेकेदारों को निर्देशित किया कि वे कार्यों में तेजी लाएं, गुणवत्ता बनाए रखें और निर्धारित समयसीमा का कड़ाई से पालन करें। बैठक में नगर पालिका पार्षद सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण भी उपस्थित थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन