Ghansyam Sharma / Sun, Jul 12, 2026 / Post views : 43
केशकाल। पत्रिका लुक ( नरेंद्र सेठिया)
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पारोंड, विकासखंड बड़ेराजपुर में शनिवार को "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य के.के. नाग ने शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के साथ पौधारोपण कर किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने अपनी माताओं के सम्मान और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए एक-एक पौधा लगाया। पौधों की सुरक्षा के लिए लोहे की जाली लगाई गई तथा उनके नियमित संरक्षण का संकल्प भी लिया गया। प्राचार्य के.के. नाग के निर्देशानुसार प्रत्येक पौधे की देखभाल के लिए एक शिक्षक एवं पांच विद्यार्थियों की जिम्मेदारी तय की गई, ताकि पौधों का समुचित संरक्षण सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के महत्व पर प्रकाश डाला गया। विद्यार्थियों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य के.के. नाग, सुखूराम नेताम, सुभाष नेताम, राजीव भारद्वाज, विनोद टोप्पो, त्रिलोक साहू, प्रीतम कोसरिया सहित राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक एवं विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी अमरसिंह पुरामें ने किया। अंत में सभी उपस्थितजनों ने अधिकाधिक पौधे लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन