Ghansyam Sharma / Sat, Dec 13, 2025 / Post views : 222
फरसगांव । पत्रिका लुक
जिले के फरसगांव विकासखंड स्थित चैतु गायता कॉलेज, फरसगांव में ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव (वन नेशन, वन इलेक्शन)’ विषय पर जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को एक साथ चुनाव कराने की अवधारणा और उसके लाभों से अवगत कराना रहा।
कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों तथा कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए हस्ताक्षर कर अभियान का समर्थन किया। वक्ताओं ने बताया कि एक राष्ट्र, एक चुनाव लागू होने से बार-बार होने वाले चुनावों पर होने वाला भारी खर्च कम होगा, प्रशासनिक व्यवस्था पर पड़ने वाला दबाव घटेगा तथा विकास कार्य बिना रुकावट निरंतर आगे बढ़ सकेंगे।
वक्ताओं ने यह भी कहा कि एक साथ चुनाव होने से नीति-निर्धारण में स्थिरता आएगी और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी। विद्यार्थियों से आग्रह किया गया कि वे इस विषय पर सकारात्मक संवाद स्थापित करें और समाज में जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी लोकतांत्रिक सुधारों से जुड़े ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रशांत पात्र, धनेन्द्रमणि निषाद, सोनाली नेताम, एवन पुजारी, ऋषि बर्मन, डगेंद्र नाग, करण साहू, माधव पात्र, किशोर, सनी, कुलदीप, घनश्याम परमार सहित शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन