Ghansyam Sharma / Sat, Dec 27, 2025 / Post views : 238
केशकाल। पत्रिका लुक (नरेंद्र सेठिया)
केशकाल विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मरंगपुरी में आयोजित एमपीएल क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला अत्यंत रोमांचक और उत्साहपूर्ण माहौल में खेला गया। दर्शकों से खचाखच भरे मैदान में खेले गए इस मुकाबले ने आखिरी गेंद तक सांसें थामे रखीं।
फाइनल मुकाबले में सेठिया मोबाइल्स और लक्षदीय महाकाल की टीम आमने-सामने रही। टॉस जीतकर सेठिया मोबाइल्स ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। शानदार और अनुशासित गेंदबाजी के दम पर सेठिया मोबाइल्स ने लक्षदीय महाकाल टीम को निर्धारित 10 ओवरों में 97 रनों पर ही रोक दिया। गेंदबाजों ने सटीक लाइन-लेंथ के साथ लगातार दबाव बनाए रखा।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेठिया मोबाइल्स की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज दिखाया, लेकिन महाकाल टीम के गेंदबाजों ने भी जबरदस्त वापसी करते हुए मैच को अंतिम ओवर तक खींच लिया। मुकाबला तब और रोमांचक हो गया जब जीत के लिए आखिरी गेंद पर 6 रनों की जरूरत थी। ऐसे नाजुक क्षण में सेठिया मोबाइल्स के बल्लेबाज ने लास्ट ओवर की लास्ट गेंद पर शानदार छक्का जड़ते हुए टीम को ऐतिहासिक जीत दिला दी।
जीत के बाद पूरे गांव में जश्न का माहौल देखने को मिला। समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ विजेता खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया। आयोजन समिति द्वारा विजेता टीम को ट्रॉफी एवं आकर्षक पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
यह फाइनल मुकाबला लंबे समय तक क्रिकेट प्रेमियों की यादों में रोमांच के रूप में दर्ज रहेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन