Ghansyam Sharma / Sat, Mar 7, 2026 / Post views : 194
कोण्डागांव। पत्रिका लुक
जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और लंबित मामलों के त्वरित निराकरण को लेकर पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा (भा.पु.से.) ने जिले के सभी पुलिस अनुविभागीय अधिकारियों और थाना प्रभारियों की विशेष अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में थाना स्तर पर प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध, पारदर्शी और संवेदनशीलता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने लंबे समय से लंबित अपराधों के शीघ्र निष्पादन के लिए विशेष अभियान चलाने और लंबित समंस एवं वारंट की शत-प्रतिशत तामिली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थानों में शिकायत लेकर आने वाले फरियादियों के साथ मित्रवत व्यवहार किया जाए तथा उनकी समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई की जाए। साथ ही विवेचना की गुणवत्ता में सुधार कर न्यायालय में दोषसिद्धि प्रतिशत बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
अपराध नियंत्रण के लिए विजिबल पुलिसिंग बढ़ाने, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने और उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग करने तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थापित चेक पोस्ट के माध्यम से सख्त सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए कहा गया। इसके साथ ही सोशल मीडिया मॉनिटरिंग बढ़ाकर अफवाहों और भ्रामक खबरों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश भी दिए गए।
जनता और पुलिस के बीच बेहतर संबंध स्थापित करने के लिए गांवों में चलित थाना लगाने तथा सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से साइबर क्राइम, एटीएम एवं बैंक फ्रॉड से बचाव और यातायात नियमों के पालन को लेकर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों को “कॉप ऑफ द मंथ” पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसमें निरीक्षक सौरभ उपाध्याय (थाना प्रभारी कोण्डागांव), प्रधान आरक्षक भावेश मण्डावी, सहायक उप निरीक्षक सरोज प्रर्मिला (एम) और प्रधान आरक्षक लुमेश कुलदीप शामिल रहे।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा सहित जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी तथा थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन