Ghansyam Sharma / Thu, Apr 2, 2026 / Post views : 194
रायपुर । पत्रिका लुक
छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग से विस्थापित होकर तेलंगाना और आंध्रप्रदेश में रह रहे परिवारों के पुनर्वास के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है। मंत्रालय महानदी भवन में गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय अंतर्विभागीय समिति की पहली बैठक आयोजित हुई। बैठक में इन प्रवासित परिवारों की वापसी और पुनर्वास को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर जिलों के लोग बड़ी संख्या में तेलंगाना और आंध्रप्रदेश में बस गए हैं। इस संबंध में राष्ट्रीय जनजातीय आयोग में याचिका दायर की गई है, जिस पर आयोग ने एक माह के भीतर सर्वे कर सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत संभागायुक्त द्वारा संबंधित जिलों के कलेक्टरों को 15 दिन में सर्वे रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।
सर्वे के अनुसार तेलंगाना के 467 गांवों में 4345 परिवारों के 19709 लोग और आंध्रप्रदेश के 184 गांवों में 2594 परिवारों के 11389 लोग प्रवासित हैं। इस तरह कुल 6939 परिवारों के 31098 लोग दोनों राज्यों में रह रहे हैं।
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सीमावर्ती राज्यों से समन्वय कर प्रवासित परिवारों की विस्तृत जानकारी जुटाई जाए। साथ ही, प्रत्येक विभाग अपने नोडल अधिकारी नियुक्त करे ताकि पुनर्वास योजना शीघ्र तैयार की जा सके। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और तीनों जिलों के कलेक्टर भी मौजूद रहे
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन