Ghansyam Sharma / Sat, Jan 3, 2026 / Post views : 226
कोण्डागांव/केशकाल। पत्रिका लुक
पुलिस अधीक्षक कोंडागांव पंकज चंद्रा (भा.पु.से.) शुक्रवार को केशकाल पहुंचे, जहां उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 केशकाल नगर सीमा में जारी सड़क नवीनीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान अवैध अतिक्रमण हटाने, रूट डायवर्जन तथा यातायात व्यवस्था को लेकर एसडीएम कार्यालय केशकाल में आयोजित बैठक में भी वे शामिल हुए। बैठक में निर्माण कार्य के दौरान आने वाली व्यवहारिक समस्याओं और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के पश्चात एसपी पंकज चंद्रा ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेंद्र देव पटेल, अपर कलेक्टर चित्रकांत चाली ठाकुर, केशकाल एसडीएम सुश्री आकांक्षा नायक, एसडीओपी अरुण नेताम, थाना प्रभारी विकास बघेल, तहसीलदार गणेश सिदार सहित राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग, यातायात एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ डिपो चौक से थाना परिसर तक पैदल भ्रमण कर सड़क निर्माण कार्य, ट्रैफिक व्यवस्था एवं अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान नाली तक अतिक्रमण कर चुके दुकानदारों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे शीघ्र अतिक्रमण स्वयं हटा लें, अन्यथा प्रशासन द्वारा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसी दौरान सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों पर कार्रवाई करते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 25 वाहन चालकों के विरुद्ध लगभग 7,500 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई। एसपी के निर्देश पर केशकाल पुलिस ने यातायात को सुचारु रखने के लिए विशेष निगरानी भी रखी।
एसपी पंकज चंद्रा ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों एवं नगरवासियों से अपील की कि सड़क नवीनीकरण कार्य पूर्ण होने तक प्रशासन और पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि वाहन सड़क किनारे अव्यवस्थित ढंग से खड़े न करें, नगर पंचायत द्वारा चिन्हित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें तथा बस संचालक ओवरस्पीड व ओवरटेक से बचें।
एसपी ने बताया कि केशकाल शहर की मुख्य समस्या को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन सड़क के पुनर्निर्माण को लेकर पूरी तरह गंभीर है। निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है और आने वाले दिनों में मार्ग चौड़ीकरण में बाधक सभी अतिक्रमण हटाने के लिए समयबद्ध विशेष अभियान चलाया जाएगा, ताकि निर्धारित अवधि में सड़क निर्माण कार्य पूर्ण किया जा सके।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन